केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में केंद्रीय आम बजट पेश किया। इस बजट को लेकर बिहार के नेताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और इसे विकसित भारत की दिशा में अहम कदम बताया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बजट की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यह बजट साफ तौर पर दिखाता है कि 2047 के भारत की कल्पना को कैसे धरातल पर उतारा जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट भाषण में तीन प्रमुख कर्तव्यों की चर्चा की है। इनमें उत्पादकता में लचीलापन लाना, आर्थिक विकास की गति को बनाए रखना और भारत की समृद्धि के पथ पर लोगों को सशक्त साझेदार बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है। साथ ही वाटर मेट्रो और खनिज उत्खनन के लिए प्रस्तावित कॉरिडोर से बिहार को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी केंद्रीय बजट का स्वागत किया। दरभंगा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें किसानों की आमदनी बढ़ाने, युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
बिहार विधानसभा के स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने भी केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। गयाजी के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बजट से युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने इसे सर्वसमावेशी बजट बताते हुए कहा कि यह कृषि, उद्योग और आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने वाला बजट है।
कुल मिलाकर, बिहार के नेताओं ने केंद्रीय बजट को विकास, आत्मनिर्भरता और समृद्ध भारत की ओर बढ़ता हुआ मजबूत कदम बताया है।
