पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने का खतरा है।

वहीं, अगले तीन घंटों के भीतर अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, भोजपुर, जहानाबाद, लखीसराय, पटना, रोहतास, समस्तीपुर, सारण और सीवान जिलों के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दक्षिण और मध्य बिहार भी इस बदलाव से अछूते नहीं रहेंगे। राजधानी पटना समेत गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और पक्के मकानों में शरण लें। खेतों में काम कर रहे किसान और मवेशी चराने वाले लोग पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। साथ ही, ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *