गोपालपुर प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस ऑडियो में एक पदाधिकारी और एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और “अपना बिहार झारखंड” चैनल भी इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो में एएनएम पदाधिकारी से सवाल करती सुनाई देती है कि क्या हर जगह पदाधिकारी इसी तरह का व्यवहार करते हैं। वह कहती है कि पदाधिकारी काम कराने के बजाय छोटी-छोटी बातों पर शोकॉज नोटिस जारी करते हैं। इस पर पदाधिकारी कथित तौर पर जवाब देते हैं कि शोकॉज तो सिर्फ एक बहाना होता है, असली निशाना कुछ और होता है।
बातचीत के दौरान एएनएम अपनी मजबूरी भी जाहिर करती है। वह कहती है कि उसके पति ने उसे पढ़ा-लिखाकर इस मुकाम तक पहुंचाया है और वह किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल नहीं हो सकती। इसके बावजूद पदाधिकारी उस पर दबाव बनाते नजर आते हैं और कहते हैं कि वह बेवजह डराने की कोशिश कर रही है, जबकि जहां भी जाएगी, यही स्थिति देखने को मिलेगी।
ऑडियो में आगे पदाधिकारी एएनएम से अपने बारे में उसकी सोच पूछते हैं और बातचीत के क्रम में कुछ आपत्तिजनक मांगें भी करते सुनाई देते हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
