सैदपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर अव्यवस्था और लापरवाही को लेकर चर्चा में है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र के खुलने और बंद होने का कोई तय समय नहीं है। कभी सुबह देर से खुलता है तो कभी बिना सूचना के बंद मिलता है। इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जरूरी टीकाकरण, जांच और दवा वितरण समय पर नहीं हो पाता। दूर-दराज के टोले से आने वाले मरीज घंटों इंतजार कर वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में वरीय पदाधिकारी को लिखित शिकायत भी दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी सह स्वास्थ्य प्रबंधक स्थिति से अवगत होने के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को अनसुना कर रहे हों। इससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्पष्ट समय-सारणी तय की जाए और उसे सूचना पट पर प्रदर्शित किया जाए। साथ ही नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण की व्यवस्था की जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

यदि शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों ने आगे उच्च स्तर पर शिकायत करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक का अधिकार है और इसमें लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *