भागलपुर में डीजे और आर्केस्ट्रा के मंच अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गए हैं। कई जगहों पर यह कानून को खुली चुनौती देने का माध्यम बनते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में कुछ युवक खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला नवगछिया पुलिस जिला के आदर्श थाना क्षेत्र के सोच गांव से सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

वायरल वीडियो में तेज डीजे की धुन पर भोजपुरी गानों के बीच दो युवक हथियार लेकर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक राइफल जैसी बंदूक लहराता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा युवक देशी कट्टा लेकर झूमता दिख रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद भीड़ इस खतरनाक प्रदर्शन को देखती रही, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।

 

जानकारी के अनुसार यह वीडियो आर्यन यादव नामक युवक के सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड किया गया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हथियार के साथ दिख रहे युवक की पहचान आर्यन यादव के रूप में की गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

 

नवगछिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। संबंधित युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो में दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध।

 

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थल पर हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी आपत्तिजनक या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *