बेगूसराय में सरेआम फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग खुलेआम दूसरे पक्ष पर फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दोनों पक्ष के लोग पहले एक-दूसरे से गाली-गलौज करते और ललकारते दिखते हैं। इसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष हथियार लेकर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्ष पहले आपस में दोस्त थे, लेकिन किसी विवाद के बाद उनके बीच दुश्मनी हो गई। 17 मार्च को यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान मुरारी कुमार ने देशी कट्टा से गोली चलाई। इसके बाद सुमन कुमार और फिर मधुकर कुमार ने भी फायरिंग की। हालांकि इस दौरान परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। गांव में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई।
पीड़ित पक्ष ने गढ़हरा थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
डीएसपी ने बताया कि यह घटना 17 मार्च की है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
