भागलपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला भागलपुर जंक्शन के पार्सल भवन के बाहर स्थित मंदिर परिसर का बताया जा रहा है, जहां जीआरपी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वायरल वीडियो देर रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है।

 

वीडियो में देखा जा सकता है कि भोजपुरी गाने पर एक महिला डांसर मंच पर प्रस्तुति दे रही है। इसी दौरान जीआरपी का एक कांस्टेबल मंच के सामने आकर उसके साथ ठुमके लगाता नजर आता है। इतना ही नहीं, वह अपने पर्स से रुपए निकालकर डांसर पर उड़ाते हुए भी दिखाई दे रहा है। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी और कुछ स्थानीय लोग भी कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि के मौके पर हर साल यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होता रहा है, लेकिन इस बार आयोजन जीआरपी पुलिस की ओर से कराए जाने का दावा किया जा रहा है। कार्यक्रम में डीजे और भोजपुरी गाने बजाए गए, जिन पर डांसर ने प्रस्तुति दी। यह आयोजन मंदिर परिसर के बाहर हुआ, जहां आसपास श्रद्धालु और आम लोग भी मौजूद थे।

 

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से धार्मिक स्थलों के आसपास डीजे और अश्लील गानों को लेकर सख्ती के निर्देश दिए गए थे। यहां तक चेतावनी दी गई थी कि अश्लील गाना बजाने पर डीजे जब्त किया जाएगा और संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

 

वीडियो वायरल होने के बाद अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है और मामले में किस प्रकार की जांच होती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *