शहर में एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। मिर्जापुर चौक पर तैनात एक पुलिसकर्मी और बाइक सवार के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में कथित तौर पर पुलिसकर्मी बाइक सवार से रॉन्ग साइड से वाहन लाने को लेकर उलझते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में पुलिसकर्मी बाइक की तस्वीर खींचते दिखाई देते हैं। जब बाइक सवार उनसे पूछता है कि फोटो क्यों लिया जा रहा है, तो पुलिसकर्मी जवाब देते हैं कि वह दाहिनी ओर से चढ़कर आया है, जबकि वन-वे व्यवस्था के तहत एक ही लेन में चलना अनिवार्य है। इसी दौरान बहस तेज हो जाती है। आरोप है कि बातचीत के दौरान पुलिसकर्मी अपशब्द कहते हैं और यहां तक कह देते हैं— “जाइए, जो उखाड़ना हो मेरा उखाड़ लीजिएगा।”
बाइक सवार का आरोप है कि ठेला चालकों को कथित रूप से पैसे लेकर जाने दिया जाता है, जबकि आम वाहन चालकों पर सख्ती की जाती है। इसी आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल गरमा गया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक और एक्स पर पोस्ट कर दिया गया, जहां से यह वायरल हो गया।
वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान मुकेश पांडेय के रूप में बताई जा रही है। वे लंबे समय से होमगार्ड जवान के तौर पर कार्यरत हैं और फिलहाल यातायात नियंत्रण ड्यूटी में तैनात हैं।
गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व भी बेंता थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर से कथित गाली-गलौज का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने तत्कालीन थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया था।
इस ताजा मामले पर ट्रैफिक डीएसपी प्रकाश कुमार ने कहा, “वीडियो के बारे में अभी जानकारी मिली है। पहले वीडियो देखा जाएगा, उसके बाद संबंधित कर्मी की पहचान और ड्यूटी की पुष्टि की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल, यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
