भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद सभागार में शनिवार को सामान्य बोर्ड की बैठक नगर सभापति राज कुमार गुड्डू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार सहित मात्र 13 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे, जबकि नगर उपसभापति नीलम देवी समेत 12 वार्ड पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
बैठक शुरू होते ही विरोध के स्वर तेज हो गए। बहिष्कार करने वाले पार्षदों का आरोप था कि नगरपालिका अधिनियम की धारा 49 का उल्लंघन करते हुए सामान्य बोर्ड बैठक की सूचना 72 घंटे पूर्व नहीं दी गई, जो नियमों के विपरीत है। इसी कारण उपसभापति नीलम देवी के नेतृत्व में कई पार्षद बैठक कक्ष से बाहर निकल गए और इसे अवैध करार दिया।
बैठक समाप्ति के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू ने कहा कि सामान्य बोर्ड की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रारूप प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि नगर परिषद का अनुमानित बजट 338 करोड़ 49 लाख 17 हजार 254 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अनुमोदित व्यय बजट 337 करोड़ 9 लाख 19 हजार 950 रुपये प्रस्तावित है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर विकास और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए यह बजट महत्वपूर्ण साबित होगा।
बैठक में पिछली बैठक की संस्तुतियों की पुष्टि की गई तथा आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर क्षेत्र में सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। हालांकि विपक्षी पार्षदों के बहिष्कार के कारण कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति नहीं बन सकी।
बैठक के दौरान मौजूद पार्षदों और कर्मचारियों ने नगर के विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। वहीं बहिष्कार करने वाले पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बैठक की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं होगी, वे आगे भी विरोध जारी रखेंगे। इस घटनाक्रम से नगर परिषद की कार्यप्रणाली और आंतरिक मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे आगामी बैठकों में टकराव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
