नवगछिया। खरीक थाना क्षेत्र के अकीदतपुर पंचायत में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब पंचायत भवन में आयोजित एक बैठक के दौरान मुखिया विवेकानंद भारती और वार्ड सदस्यों के बीच जमकर बहस और हाथापाई हो गई। बताया जा रहा है कि बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा चल रही थी, तभी बहतरा के वार्ड सदस्य अजय कुमार शर्मा ने योजना पंजी (रजिस्टर) देखने की मांग की। इस पर मुखिया विवेकानंद भारती ने आपा खो दिया और वार्ड सदस्य से तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
वार्ड सदस्य अजय कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पंचायत की योजनाओं की जानकारी मांगनी चाही तो मुखिया ने गंदी-गंदी गालियां दीं और हाथ उठाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि मुखिया हमेशा वार्ड सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता नहीं रखते। अजय कुमार शर्मा के अनुसार, पंचायत की योजनाओं में अनियमितता के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के दौरान मौजूद अन्य वार्ड सदस्यों ने भी बताया कि मुखिया और उनके समर्थकों ने माहौल बिगाड़ दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि बैठक बीच में ही बाधित करनी पड़ी। मौके पर उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने इस पूरे विवाद का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में मुखिया और वार्ड सदस्य के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की के दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अपना बिहार झारखंड चैनल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भी आक्रोश फैल गया है। कई लोगों का कहना है कि पंचायत में आए दिन ऐसे विवाद होते रहते हैं और प्रशासन को इसमें हस्तक्षेप कर जांच करनी चाहिए।
इधर, खरीक थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी पक्ष से लिखित शिकायत मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पंचायत स्तर पर बढ़ते ऐसे विवाद स्थानीय विकास कार्यों में बाधा बनते जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है।
अभी तक मुखिया विवेकानंद भारती की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वार्ड सदस्यों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर न्याय की मांग करेंगे।
