बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव मंगलवार को भागलपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान शहर के एक निजी होटल में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए आम बजट का सीधा प्रसारण देखा और सुना। बजट प्रसारण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और बजट के प्रमुख प्रावधानों पर चर्चा होती रही।
बजट प्रसारण समाप्त होने के बाद कृषि मंत्री रामकृपाल यादव मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय बजट देश के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्योग—को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बजट के माध्यम से देश को कई बड़ी सौगातें दी हैं, जो आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेंगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित किए जाने से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कई शहरों में नए रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि देसी कपड़ों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए टेक्सटाइल कंपनियों को विशेष सहायता दी जाएगी। इससे हथकरघा और पावरलूम से जुड़े कारीगरों को लाभ मिलेगा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार का बजट भी जल्द ही पेश किया जाएगा और वह पूरी तरह सकारात्मक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और केंद्र सरकार राज्य को हर संभव सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अंत में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने उम्मीद जताई कि बिहार के आगामी बजट में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे, जिससे राज्य का कृषि क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा और किसानों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सकेगी।
