सहरसा, 02.02.26 — सेवा–संवाद–समाधान अनुश्रवण प्रणाली के अंतर्गत ‘‘सबका सम्मान–जीवन आसान’’ अभियान के तहत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जनता से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों से संबंधित कुल 52 मामलों की सुनवाई की गई।
जनता से संवाद कार्यक्रम के क्रम में जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के समयबद्ध एवं सम्यक निष्पादन हेतु स्पष्ट निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक सूची निर्माण सहित विभिन्न विषयों से जुड़े मामले सामने आए।
कार्यक्रम में श्री चंदन कुमार (प्रखंड सोनवर्षा) एवं श्री चंदन कुमार (पतरघट) द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया, वहीं श्री अशोक कुमार गुप्ता (प्रखंड सत्तर कटैया) ने पारिवारिक सूची निर्माण की समस्या रखी। इसके अतिरिक्त श्री बबलू कुमार (प्रखंड सोनवर्षा) सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया।
जिलाधिकारी द्वारा सभी मामलों के निष्पादन हेतु संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों के लॉगिन के माध्यम से शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है तथा समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारी आम जनता से निरंतर संवाद स्थापित करें, ताकि सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आज आयोजित जनता से संवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री गणेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग सह निदेशक एनईपी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
