बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित एक पशु मेले के दौरान बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भोजपुरी सुपरस्टार के कार्यक्रम से ठीक पहले भीड़ बेकाबू हो गई। यह घटना औराई प्रखंड के गरहा थाना क्षेत्र की है, जहां पूर्व मंत्री द्वारा इस मेले का आयोजन किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही लोगों को खेसारी लाल यादव के पहुंचने की खबर मिली, हजारों की संख्या में मौजूद लोग अचानक स्टेज की ओर बढ़ने लगे। देखते ही देखते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और भगदड़ जैसी हालात बन गए। आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों की तमाम कोशिशों के बावजूद भीड़ को काबू में नहीं किया जा सका।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस बल को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाठीचार्ज के दौरान कई लोग गिर पड़े और कुछ को चोटें भी आईं। हालांकि, अब तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पूरे मेले में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस घटना का सीधा असर खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम पर पड़ा। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही स्टेज के आसपास का इलाका खाली कराना पड़ा। कई लोग डर के कारण मेले से वापस लौट गए, जबकि कुछ लोग वहीं डटे रहे। फिलहाल कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इस घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के हिसाब से न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और न ही उचित प्रबंधन किया गया था। इससे पहले भी इस मेले में अव्यवस्था की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे आयोजकों की तैयारी पर सवाल खड़े होते रहे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस भीड़ को नियंत्रित करती नजर आ रही है। यह घटना एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की अहमियत को उजागर करती है।
