पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव में शनिवार रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चार हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट के दौरान 55 वर्षीय बुजुर्ग बैजनाथ सिंह को गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया गया है।

 

घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। उस समय बैजनाथ सिंह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे थे। तभी अचानक चार अपराधी वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के जबरन घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सामान की तलाशी लेते हुए लूटपाट शुरू कर दी।

 

घायल की पत्नी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी बेहद आक्रामक थे और सीधे घर के अंदर घुस गए। जब बैजनाथ सिंह ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी मौके से फरार हो गए।

 

घायल बैजनाथ सिंह ने भी पुलिस को दिए बयान में लूटपाट की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने घर में घुसकर सामान खंगालना शुरू कर दिया था और विरोध करने पर उन्हें निशाना बनाया गया।

 

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैजनाथ सिंह ने हाल ही में अफीम की खेती की थी और उससे अच्छी कमाई हुई थी, संभवतः इसी रकम के लालच में अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।

संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *