बिहार के बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत में एक शादी समारोह उस वक्त सनसनी और अफरा-तफरी में बदल गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है, जहां खुशी का माहौल अचानक चीख-पुकार में तब्दील हो गया। गंभीर रूप से घायल दुल्हन को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात चौसा पहुंची थी और विवाह की रस्में विधि-विधान से चल रही थीं। जैसे ही जयमाल कार्यक्रम शुरू हुआ और दुल्हन मंच पर पहुंची, तभी पड़ोस में रहने वाला एक युवक अचानक मंच पर चढ़ आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी को कुछ समझ आता उससे पहले ही उसने दुल्हन और उसके पिता पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ी और समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।
घटना के बाद परिजन और बाराती स्तब्ध रह गए। घायल दुल्हन को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली शरीर के नाजुक हिस्से में लगी है, जिससे हालत चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मामला कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी बताया जा रहा है और शादी तय होने से वह नाराज था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी या अचानक अंजाम दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
