दो दिनों से लापता शाहपुर के दो युवकों की बरामदगी न होने से लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घोघा थाना क्षेत्रों के पक्कीसराय शाहपुर सीमान्त से सामने सुबह 7:00 बजे से 11:45 तक एनएच- 80 पर जाम कर दिया। प्रदर्शन कर लोग सड़क पर बिछावन बिछा कर सो गए। आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस तक को नहीं छोड़ा। रोगी को ऑक्सीजन लगी झारखंड से भागलपुर जा रही एंबुलेंस को प्रदर्शन कारियों ने वापस लौटा दिया। हलांकि पक्कीसराय गांव के कुछ युवक एंबुलेंस में रोगी की स्थिति देखते हुए दूसरे मार्ग से एंबुलेंस को निकाल कर भागलपुर भेजा।

जाम की सूचना पाकर घोघा थानाध्यक्ष मो. दिलशाद पुलिस, बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को काफी समझा बुझा कर 11:45 बजे जाम समाप्त कराया। पुलिस समुचित सहयोग व उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

क्या है मामला:- शुक्रवार की रात शाहपुर निवासी अजय मंडल का पुत्र नीरज कुमार(21) व विनोद मंडल का पुत्र गोविंद कुमार (15) लड़की के बुलावे पर त्रिमुहान के लिए घर से निकला, लेकिन रविवार तक घर लौट कर नही आया। अब परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी है। अनहोनी की आशंका से परिजन चिंतित व परेशान हैं। मामले को लेकर शाहपुर निवासी अजय मंडल व विनोद मंडल ने सात लोगों को नामजद करते हुए घोघा थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया। जिसमें रसलपुर थाना क्षेत्र के त्रिमुहान निवासी बासुकी मंडल, महेन्द्र मंडल व महेन्द्र मंडल के तीन पुत्र के अलावा घोघा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी जीतन मंडल, परमिला देवी, किशोर मंडल व काजल कुमारी पर अपहरण का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *