जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग मऊ जिले के दोहरीघाट में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर ऑटो से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी जियालाल की मां का शनिवार को निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार मऊ जिले के दोहरीघाट में किया गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पड़ोसी और परिचित भी साथ गए थे। दाह संस्कार के बाद सभी लोग एक ऑटो से वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि लौटते समय अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने संतुलन खो दिया। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में छेदी प्रजापति और संदीप प्रजापति की मौत हो गई। दोनों मऊ जिले के दोहरीघाट में आयोजित अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने छेदी प्रजापति और संदीप प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ऑटो चालक समेत पांच अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो के पलटने की बात सामने आई है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
