सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भेलवा वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार अहले सुबह एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। जहां घर में सो रही 28 वर्षीय महिला रौशनी कुमारी, पति छैला बिहारी, की अज्ञात हमलावरों ने गले में चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात घर में घुस गए और सो रही महिला पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद पति किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

प्राथमिक जांच में सरकारी जमीन को लेकर गोतिया (परिवार के लोगों) के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी जमीन विवाद को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मुकेश ठाकुर ने बताया कि सरकारी जमीन विवाद का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *