भागलपुर में सामाजिक सरोकारों पर आधारित वेब सीरीज “संजीदगी एक पहेली” को लेकर दो दिवसीय विशेष अभिनय कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। शहर के होटल स्टोन पार्क में 2 और 3 अप्रैल को आयोजित इस वर्कशॉप में चयनित कलाकारों ने अभिनय की बारीकियां सीखीं और अपने-अपने किरदारों को गहराई से समझने का प्रयास किया।
‘जीवन जागृति सोसायटी’ के तत्वावधान में एस-सीरीज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कलाकारों को पटकथा के अनुरूप उनके पात्रों में ढालना था। निर्माता एवं लेखक डॉ. अजय सिंह और निर्देशक संजीव सुमन के मार्गदर्शन में कलाकारों ने विभिन्न दृश्यों का अभ्यास किया।
वर्कशॉप के दौरान एक भावुक दृश्य के पूर्वाभ्यास ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस दृश्य के माध्यम से रिश्तों की कड़वी सच्चाई और जिम्मेदारी के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। पूरी कार्यशाला का मूल संदेश “जिंदगी मजाक नहीं, जिम्मेदारी है” रहा, जो इस वेब सीरीज की थीम को भी दर्शाता है।
निर्देशक संजीव सुमन ने बताया कि ऑडिशन के बाद यह वर्कशॉप कलाकारों के लिए बेहद जरूरी थी। इसमें संवाद अदायगी के साथ-साथ किरदारों के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि अब टीम पूरी तरह शूटिंग के लिए तैयार है, जो जल्द ही भागलपुर और आसपास के इलाकों में शुरू होगी।
वहीं, लेखक और निर्माता डॉ. अजय सिंह ने कहा कि यह प्रोजेक्ट अंग क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। उन्होंने कलाकारों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
कार्यशाला के समापन पर पूरी टीम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रोडक्शन हाउस के अनुसार प्री-प्रोडक्शन का कार्य पूरा हो चुका है और लोकेशंस सहित तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस मौके पर रानी चौधरी, प्रतिज्ञा सिंह, अंजनी राज ठाकुर, किरण जायसवाल, शोभा रावत, राज सिंह, विश्वा सिंह, रवि पोद्दार, नित्यानंद नितुल, माना शुक्ला, मनीष यादव, उदय कुमार, बिहारी प्रसाद, सलाम सागर, प्रेम सिंह सहित कई कलाकार और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
