नवगछिया थाना क्षेत्र के धोबिनिया गांव में सात अक्तूबर की शाम करीब साढ़े चार बजे जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में एक युवक को गोली लगी, जबकि दूसरे के सिर पर पीछे से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायलों से पूछताछ कर प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार हैं।

घायल पवन कुमार सिंह और इंद्रजीत कुमार उर्फ मार्शल को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जख्मी के पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि जमीन विवाद को लेकर उनके ही परिजन हमला कर रहे हैं। इसके बाद वे तत्काल बांका से बाइक पर अपने घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने समझाया कि आपस में बैठकर बातचीत से विवाद सुलझा लिया जाए। इसी दौरान वे अपने पुत्र और भतीजा के साथ बासा पर पहुंचे, जहां आरोपित पहले से मौजूद थे।

पिता के अनुसार, वहां पहुंचते ही लाला यादव, दिगंबर कुमार उर्फ दीपक यादव, कौशल किशोर सिंह उर्फ ललन यादव और उनके परिवार के सदस्य गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लाला यादव ने उनके पुत्र पवन कुमार सिंह पर गोली चला दी, जो सीने में लगी। वहीं, ललन यादव ने लाठी से उनके दूसरे पुत्र इंद्रजीत कुमार उर्फ मार्शल के सिर पर पीछे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। नवगछिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हमला पुरानी जमीन विवाद का नतीजा है और मामले की गहन जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि सभी आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *