जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हेट करमाटांड़ गांव के समीप हुई, जहां टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार लोग सड़क से दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं और अचानक आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों में एक स्प्लेंडर बाइक के चालक और उनकी पत्नी शामिल हैं, जो कर्माटांड़ बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी बाइक, जो केटीएम थी, उसका चालक भी कर्माटांड़ बस्ती का दामाद बताया जा रहा है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीणों की मदद से केटीएम चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
वहीं, स्प्लेंडर बाइक चालक और उनकी पत्नी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमाटांड़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति ठोस कदम उठाने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
