बिहार के भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मुख्य बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान का शटर काटकर करीब ढाई किलो चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल थाना से महज कुछ ही दूरी पर है, लेकिन पूरी रात पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

 

पीड़ित दुकानदार बीरबल कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह शनिवार शाम साढ़े छह बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे बगल की चाय दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने सूचना दी कि दुकान का शटर गैलरी की ओर से टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि शोकेस और काउंटर बिखरे पड़े थे और उसमें रखी चांदी की मूर्तियां, बर्तन, मछली, ग्लास और अन्य गहने गायब थे।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

 

घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस की रात्रि गश्ती मुख्य बाजार की बजाय स्टेट हाईवे पर ज्यादा केंद्रित रहती है। व्यापारियों का कहना है कि यदि नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी।

 

चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी के साथ चोरी गया सामान बरामद किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *