सहरसा से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां ट्रेन हादसे में एक युवक की जान चली गई। युवक मुजफ्फरपुर अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजीत कुमार साह (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिले के कॉटि थाना क्षेत्र अंतर्गत साइन देवानंद छपरा, बीहपुर पंचायत वार्ड संख्या 12 के निवासी थे। अजीत कुमार सहरसा में रहकर एक बर्तन फैक्ट्री में काम करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि अजीत की शादी कुछ ही दिन पहले हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। उनके परिवार में पत्नी के साथ एक छोटी बच्ची भी है, जो अब पिता के साये से वंचित हो गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह अजीत कुमार सहरसा से मुजफ्फरपुर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सहरसा रेलवे स्टेशन से आगे सिमरी बख्तियारपुर के पास वह ट्रेन हादसे का शिकार हो गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अजीत को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है।
