#सहरसा: 10 . 04 . 2026
बिहार के सहरसा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रंगाणिया शिव मंदिर के पास एक सड़क हादसे में सोनबरसा कचहरी में कार्यरत चौकीदार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान केलू यादव के 38 वर्षीय पुत्र भवेश यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई विवेक यादव ने बताया कि भवेश यादव दिन में थाना से वापस आकर खेत से गेहूं का भूसा समेटने गए थे। देर रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि उनके भाई का सड़क हादसा हो गया है।
जब वे बख्तियारपुर अस्पताल से सहरसा पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि हादसा कैसे हुआ और वह बाइक से कहां जा रहे थे या लौट रहे थे, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
बताया जा रहा है कि भवेश यादव पिछले पांच वर्षों से सोनबरसा कचहरी में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी समेत तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, इस मामले को लेकर सोनबरसा कचहरी थाना प्रभारी से संपर्क करने पर उन्होंने इसे विभागीय मामला बताया। दूसरी ओर, सदर अस्पताल थाना प्रभारी गुंजन कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
