बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रंगाणिया शिव मंदिर के समीप हुए एक सड़क हादसे में सोनबरसा कचहरी में कार्यरत चौकीदार की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान केलू यादव के 38 वर्षीय पुत्र भवेश यादव के रूप में हुई है, जो पिछले करीब पांच वर्षों से सोनबरसा कचहरी में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब भवेश यादव दिन में ड्यूटी से लौटने के बाद अपने खेत में गेहूं का भूसा समेटने गए थे।
मृतक के बड़े भाई विवेक यादव ने बताया कि देर रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि भवेश का सड़क हादसा हो गया है। आनन-फानन में परिवार के लोग उन्हें पहले बख्तियारपुर अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अफसोस, इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, हादसा कैसे हुआ, उस वक्त भवेश बाइक से कहां जा रहे थे या लौट रहे थे—इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है। इस अचानक हुई घटना ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है।
भवेश यादव अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों—दो बेटे और एक बेटी—को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं पर थी, ऐसे में उनकी असमय मौत से परिजनों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
इस मामले को लेकर सोनबरसा कचहरी थाना प्रभारी ने इसे विभागीय मामला बताते हुए ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया है। वहीं, सदर अस्पताल थाना प्रभारी गुंजन कुमार ने कहा कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
