बिहार के सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के पंचगछिया वार्ड नंबर-3 निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण महतो के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राकेश अपने परिवार का सहारा था और मजदूरी कर घर का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसके परिवार में एक वर्ष की दूधमुंही बेटी भी है।
परिजनों के अनुसार, राकेश शुक्रवार को दुर्गापुर बाजार खरीदारी के लिए घर से निकला था। लौटने के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सहरसा के एक निजी क्लीनिक में ले गए, जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से काफी मर्माहत हैं।
इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि यह एक सड़क दुर्घटना का मामला है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
