बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक स्कूल पिकअप वाहन के पलटने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गोविंदपुर प्रखंड के कमलापुर रोड पर हुआ, जिसने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतक बच्ची की पहचान आरोही कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे स्कूल से लौट रहे थे, तभी अचानक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 फीट नीचे जा गिरा और करीब चार बार पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के समय आसपास खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और निजी साधनों से अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जहां कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह वाहन एक स्कूल का था और इसमें क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। जहां वाहन में अधिकतम 12 से 15 बच्चों के बैठने की अनुमति होती है, वहीं इस पिकअप में 20 से 25 बच्चे सवार थे। साथ ही, वाहन की तेज रफ्तार भी हादसे की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
घटना के बाद लोगों में स्कूल प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। हादसे के बाद जब लोगों ने स्कूल संचालक से संपर्क करने की कोशिश की, तो किसी ने फोन तक नहीं उठाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह हादसा एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
