बिहार के मधेपुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत की आशंका जताई जा रही है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक ग्वालपाड़ा इलाके से मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे। इसी दौरान देर रात करीब एक बजे अरार पुल के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार सड़क किनारे लगे पोल को तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही अरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद नदी से तीन शवों को बाहर निकाला गया। वहीं चौथे युवक की तलाश अब भी जारी है, जिसके लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी स्वर्गीय विमल यादव के पुत्र घनश्याम कुमार (28), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी मनोज कुमार के पुत्र अंकित कुमार (26) और सौर बाजार थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद यादव के पुत्र वसंत कुमार (23) के रूप में की गई है। चौथे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन लापता युवक की तलाश में जुटा हुआ है और जल्द ही उसे खोज निकालने की उम्मीद जताई जा रही है।
