भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जुगाड़ ठेला का संतुलन बिगड़ जाने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी प्रदीप पोद्दार का 17 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार जुगाड़ ठेला पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक के समीप अचानक ठेला का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ते ही ठेला पलट गया और मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आकर उसे संभाला और इसकी सूचना जगदीशपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज भेजा गया।

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान ही किशोर ने दम तोड़ दिया। इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

 

इस संबंध में जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि जुगाड़ ठेला का संतुलन बिगड़ने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव और आसपास के इलाके में भी गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *