भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड स्थित रजंदीपुर वार्ड नंबर 7 में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में डूबने से 8 वर्षीय बच्ची शिवानी कुमारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मृतक बच्ची की पहचान सिकेन्द्र मंडल की 8 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शिवानी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रह रही थी। घटना के समय वह अपनी बड़ी मां के साथ गंगा किनारे गई हुई थी।

 

मृत बच्ची के पड़ोसी भाई नंदकिशोर कुमार ने बताया कि घर में शौचालय नहीं होने के कारण बच्ची गंगा किनारे गई थी। इसी दौरान हाथ धोने के लिए घाट के पास पहुंची, तभी उसका पैर अचानक फिसल गया और वह गंगा नदी में जा गिरी। देखते ही देखते बच्ची गहरे पानी में डूब गई।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय वहां कोई तैराक मौजूद नहीं था, जिसके कारण तुरंत बचाव नहीं हो सका। काफी खोजबीन के बाद करीब 20 मिनट बाद बच्ची को करीब 17 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और बच्ची की मौत हो गई।

 

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और शोक व्यक्त किया।

 

इधर घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में शौचालय निर्माण और गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *