भागलपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावों के बीच शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। गुरुवार को तातारपुर रोड पर भीषण जाम ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। जब्बारचक चौक से तातारपुर चौक तक करीब एक घंटे से अधिक समय तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे सड़क पर वाहनों की कतारें दूर तक फैल गईं और लोग रेंगते हुए आगे बढ़ने को मजबूर दिखे।

 

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एंबुलेंस और स्कूली बसें भी जाम में फंस गईं। मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल सका, वहीं स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोग परेशान होकर खुद ही यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन अव्यवस्था इतनी ज्यादा थी कि हालात काबू से बाहर हो गए।

 

स्थानीय लोगों ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे केवल चालान काटने तक सीमित हैं। जाम जैसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए न तो कोई ठोस ट्रैफिक प्लान दिखता है और न ही मौके पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

 

दोपहर करीब एक बजे जब जाम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, तब प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस और तातारपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया।

 

इस घटना ने एक बार फिर स्मार्ट सिटी भागलपुर की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *