नवगछिया क्षेत्र के मक्खातकिया के पास टोटो चालक के साथ मारपीट कर गाड़ी और नकद रुपये लूट लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिधिंया मकंदपुर निवासी बिनोद कुमार ने नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।


पीड़ित बिनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि बीते 3 मार्च को वह अपनी टोटो गाड़ी से सवारी लेकर मक्खातकिया गया था। इसी दौरान वहां दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और गाली-गलौज करते हुए जबरन गाड़ी घुमाकर आगे ले जाने का दबाव बनाने लगे। जब उसने उनकी बात मानने से इनकार किया, तो दोनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और गाड़ी की चाबी छीन ली।


पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह डर गया। इसके बाद वह गाड़ी लेकर मक्खातकिया स्थित बजरंगबली मंदिर के पास पहुंचा, जहां दोनों बदमाशों ने उसे थप्पड़ मारकर भगा दिया और उसकी टोटो गाड़ी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि गाड़ी में रखे बैग में करीब 2800 रुपये नकद भी थे, जिसे आरोपी अपने साथ ले गए।


बिनोद कुमार ने बताया कि लूटी गई टोटो गाड़ी उसकी भाभी कुंती देवी के नाम से पंजीकृत है। घटना के बाद पीड़ित ने नवगछिया थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *