शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जोगसर थाना क्षेत्र के शंकर टॉकिज, दीपनगर इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सागर कुमार के घर में स्मैक की पैकिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस उपाधीक्षक नगर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध स्थान की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद तीन युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर कुमार, बादल कुमार और धासी ठाकुर के रूप में की गई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 10,966 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इलेक्ट्रॉनिक तराजू का उपयोग मादक पदार्थ की तौल और पैकिंग के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
