उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज तीन दिन बाद दुल्हन अपने रिश्ते के चाचा के साथ फरार हो गई। आरोप है कि सुहागरात के दौरान जब दूल्हे ने दुल्हन को छूने की कोशिश की तो उसने चाकू से हमला कर दिया और साफ कह दिया कि वह किसी और से प्यार करती है। इसके बाद दूल्हा डर के कारण उसी कमरे में अलग चारपाई डालकर सोने को मजबूर हो गया।
पीड़ित दूल्हा सुनील, जो नाई का नगला नई बस्ती का निवासी है और शटरिंग का काम करता है, ने बताया कि उसने अगले दिन पूरी बात ससुराल पक्ष को बताई। परिजन आए, समझाइश दी गई और माहौल सामान्य करने की कोशिश हुई। इसके बाद दुल्हन ने सामान्य व्यवहार करना शुरू कर दिया। दो दिन तक वह घर के सभी सदस्यों से घुल-मिलकर रही, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।
25 फरवरी की शाम दुल्हन ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया। आरोप है कि खाना खाने के बाद पूरा परिवार बेहोश हो गया। इसी दौरान दुल्हन घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर, 4-5 लाख रुपये के चांदी के आभूषण और दूल्हे की पर्स से 18 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।
सुबह जब परिवार को होश आया तो दुल्हन गायब थी। अलमारी खुली थी, कीमती सामान नहीं था और मेन गेट भी खुला मिला। कमरे में उसकी चूड़ियां और श्रृंगार का सामान पड़ा था। जब मायके पक्ष से संपर्क किया गया तो पता चला कि दुल्हन का अपने रिश्ते के चाचा से पहले से प्रेम संबंध था और वह भी गांव से लापता है।
दो दिन तक तलाश के बाद मामला सदर कोतवाली में दर्ज कराया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी लड़की की मर्जी के खिलाफ हुई थी। उसका पता लगा लिया गया है और उसने खुद थाने आने की बात कही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
