भागलपुर! तीन दिवसीय श्री गुरुनानक देव जी महाराज का 553वां प्रकाशोत्सव शनिवार से गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में शुरू हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दस बजे अखंड पाठ से हुई। इसके बाद शहर में नगर शोभायात्रा निकाली गयी। रविवार को गुरुद्वारा स्थित गुरुद्वारे से ढोल नगाड़े, गाजे-बाजे व घोड़े के साथ नगर कीर्तन निकाला गया। कीर्तन दरबार में रागी जत्थे सिखों के इतिहास का व्याख्यान कर संगतों को निहाल कर रहे थें। इस बार नगर कीर्तन में सिख इतिहास से संबंधित झांकियां भी शामिल की गयी थी।

शोभायात्रा में पंज प्यारे और कटिहार के लक्ष्मीपुर से आए गतका पार्टी ने कई तरह हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। भगत सिंह चौक पर गतका पार्टी ने सीने पर रखे केले को तलवार से काटते हुए करतब दिखाया। जिसे देख लोग दंग रह गये। इसके बाद खलीफाबाग चौक पर सोये बच्चों के सिर के पास रखे नारियल को हथोड़ा लेकर फोड़ा। शोभायात्रा में महिलाएं और बच्चे सड़क की सफाई व जल सेवा कर रहे थे। कई जगहों पर फूल बरसाए गए। मीडिया प्रभारी हर्षप्रीत सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन गुरुद्वार से निकलकर भगत सिंह चौक, खलीफाबाग चौक, कोतवाली चौक, दवा पट्‌टी रोड होते हुए स्टेशन चौक के बाद वेरायटी चौक होते गुरुद्वारा पहुंची। सोमवार को पाठ व गुरुवाणी का आयोजन होगा।

मंगलवार को प्रकाश उत्सव मनाया जायेगा। इस दिन सुबह दस बजे अखंड पाठ का समापन होगा। रात में दीपावली मनायी जायेगा। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष खेमचंद बचियानी, जयंती बचियानी, हरदीप सिंह, संजय सिंह, सरदार हरचरण सिंह, सरदार हरविंदर सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *