भागलपुर जिले के भागलपुर–जमालपुर रेलखंड पर नाथनगर के समीप एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौत हो गई। इस हादसे के कारण रेलवे ट्रैक करीब एक घंटे तक बाधित रहा, जिसके बाद ट्रैक को साफ कर रेल परिचालन दोबारा शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर की ओर से एक मालगाड़ी सुल्तानगंज की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान नाथनगर के पश्चिम केबिन के पास स्थित पुरानी सराय गांव के समीप तीन भैंसें रेलवे पटरी पार कर पुरानी सराय की ओर से नाथनगर की तरफ जा रही थीं। तभी अचानक मालगाड़ी वहां पहुंच गई और तीनों भैंसें उसकी चपेट में आ गईं।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों भैंस कटकर मालगाड़ी और रेलवे ट्रैक के बीच फंस गईं। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत से ट्रैक में फंसी भैंसों को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भैंसें रेलवे किनारे चढ़ रही थीं। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी आ गई, जिससे भैंसें घबरा गईं और इधर-उधर भागने लगीं। इसी अफरा-तफरी में तीनों भैंसें मालगाड़ी की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के कारण रेल ट्रैक पर करीब एक घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा। रेलवे कर्मियों ने ट्रैक को साफ कर स्थिति सामान्य की, जिसके बाद ट्रेनों का आवागमन फिर से शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते साल भी नाथनगर रेलवे ट्रैक पर दस भैंसों के कटने से मौत हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
फिलहाल इस घटना को लेकर रेल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास मवेशियों की आवाजाही को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी विचार किया जा रहा है।
