सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या 19 में अज्ञात चोरों ने शहर के चर्चित ज्योतिषाचार्य नरेश चंद्र झा उर्फ लड्डू बाबा के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से कीमती स्टोन, तांत्रिक यंत्र और एक टीवी समेत करीब ढाई लाख रुपये के सामान लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह चोरी उस समय हुई जब चोर मौका देखकर घर में घुस गए और अंदर रखे सामान को खंगालने लगे। ज्योतिषाचार्य लड्डू बाबा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति घर के अंदर घुसकर सामान निकाल रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी घर के बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। दोनों काफी देर तक घर के आसपास मंडराते रहे और जैसे ही उन्हें मौका मिला, वे घर में दाखिल होकर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
लड्डू बाबा के अनुसार चोर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के कीमती स्टोन, तांत्रिक यंत्र और एक टीवी लेकर भाग निकले। उन्होंने बताया कि चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
