बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में घुसकर न सिर्फ लाखों की संपत्ति चोरी की, बल्कि जमकर तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
हवेली खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय में चोर देर रात चारदीवारी फांदकर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने स्कूल के कई कमरों के ताले और कुंडियों को तोड़ डाला और अंदर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। चोरों ने विद्यालय की बिजली व्यवस्था को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। वायरिंग को उखाड़ दिया गया, जबकि स्विच, बोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों को भी तोड़ दिया गया।
एक कमरे का ताला चोर नहीं तोड़ सके, लेकिन उस पर कई बार प्रहार के निशान साफ देखे गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी देर तक परिसर में सक्रिय रहे। इतना ही नहीं, विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्य से करीब 10 बोरी सीमेंट, छड़, रिंग सहित अन्य निर्माण सामग्री भी चोरी कर ली गई।
चोरों ने मोटर का तार काट दिया और मौके पर एक धारदार चाकू भी फेंका हुआ मिला। परिसर में सरिया और अन्य सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ है कि चोरों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।
सुबह जब शिक्षक और छात्र विद्यालय पहुंचे तो कमरों की हालत देख सभी दंग रह गए। घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
