सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बाजार नरियार रोड वार्ड नंबर 11 में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार गृहस्वामी अनिल कुमार झा अपने पूरे परिवार के साथ 6 मार्च को पतरघट प्रखंड के गोलमा गांव में एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए हुए थे। घर पूरी तरह बंद था, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने देर रात घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी और बक्सों में रखे कीमती सामान को खंगाल डाला।
परिजनों के अनुसार जब उनकी बेटी और पुत्रवधू घर वापस लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। यह देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत घटना की जानकारी गृहस्वामी को दी गई।
गृहस्वामी अनिल कुमार झा ने बताया कि चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के कई आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली है। कुल मिलाकर करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पीड़ित द्वारा इस संबंध में थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन कर चोरी गए सामान की बरामदगी करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इलाके के लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।
