होली के करीब आते ही बिहार में बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। चोर अब पारंपरिक तरीके छोड़ हाईटेक अंदाज अपना रहे हैं—सूट-बूट पहनकर लग्जरी गाड़ियों से पहुंचते हैं ताकि किसी को शक न हो। ताजा मामला शिवहर जिले के नगर थाना क्षेत्र के रेजमा गांव का है, जहां शनिवार देर रात चोरी की कोशिश नाकाम हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में शादी समारोह चल रहा था। डीजे और ढोल के शोर के बीच पूरा माहौल जश्न में डूबा था। इसी दौरान 3-4 अज्ञात लोग स्कॉर्पियो से गांव में घुसे। आरोप है कि उन्होंने एक घर का फाटक तोड़ा और बकरा, बकरी व बोका को जबरन वाहन में लाद लिया।
पीड़ित दीपक पांडे ने बताया, “करीब एक बजे रात चोर बकरी खोलकर ले गए। सुबह उठे तो बकरी गायब थी। खोजबीन में पता चला कि मवेशी थाना में हैं। गांव वालों के शोर मचाने पर चोर वाहन और बकरी छोड़कर भाग निकले।”
दरअसल, मवेशियों की आहट सुनकर ग्रामीणों ने हल्ला किया और स्कॉर्पियो का पीछा किया। भागने की कोशिश में गाड़ी रेजमा गांव के पास कीचड़ भरे गड्ढे में फंस गई। पहिए धंसने से वाहन आगे नहीं बढ़ सका। खुद को घिरता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि स्कॉर्पियो और मवेशी मौके पर ही छूट गए।
सूचना मिलते ही डायल 112 और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन स्वामी, चालक और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मवेशियों की पहचान के बाद उन्हें वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने पशुपालकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
