भागलपुर के समीक्षा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि फिलहाल किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सभी गैस एजेंसियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उनके स्टॉक की प्रतिदिन जांच की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

डीएम ने आम लोगों से अपील की कि वे गैस की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से करें और अनावश्यक रूप से गैस गोदाम या दुकानों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि बुकिंग के अधिकतम तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंच जाए।

 

इसके साथ ही उन्होंने लोगों से यह भी अनुरोध किया कि घबराहट में गैस का अतिरिक्त स्टॉक इकट्ठा न करें। उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

 

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसका दूरभाष नंबर 0641-2402871 है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। उपभोक्ता अपनी शिकायत या सूचना इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।

 

प्रेस वार्ता के बाद जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ तिलका मांझी चौक के पास स्थित मधु गैस गोदाम का निरीक्षण भी किया। इस दौरान गोदाम में उपलब्ध स्टॉक का जायजा लिया गया और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।

 

डीएम ने स्पष्ट किया कि आगे भी गैस गोदामों और दुकानों पर नियमित निरीक्षण और छापेमारी जारी रहेगी, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम कमी की कोई स्थिति उत्पन्न न हो और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध होती रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *