भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने हनुमान मंदिर और मां काली मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने हनुमान मंदिर में घुसकर पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले कासा और पीतल के बर्तनों की चोरी कर ली। इसके साथ ही दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी भी निकाल ली।
इसके बाद चोरों ने मां काली मंदिर के भंडार कक्ष का गेट भी तोड़ दिया और वहां लगी मोटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बाईपास थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय और एएसआई उमेश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे नशे के आदी, खासकर ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले युवकों का हाथ हो सकता है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
