भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र के अफजलपुर बकरी गांव में शुक्रवार की रात दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने मैजिक चालक सतीश कुमार मंडल और उसके परिवार वालों को बेरहमी से पीट डाला। इस हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें चालक सतीश की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात सतीश कुमार मंडल कहलगांव से मैजिक चलाकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही आठ से दस दबंग ग्रामीण सड़क के बीच टेबल–कुर्सी लगाकर बैठे हुए थे। सतीश ने गाड़ी निकालने के लिए हॉर्न बजाया और हटने को कहा। बस इतना सुनते ही दबंग भड़क गए और उन्होंने पहले लाठी-डंडों से सतीश की बेरहमी से पिटाई कर दी। जब वह गंभीर रूप से घायल होकर घर भागा, तो दबंगों ने उसका पीछा किया और घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया।

इस हमले में सतीश कुमार मंडल के अलावा उसकी पत्नी पूजा देवी, भाई सोनू कुमार, रिश्तेदार मोहन और पूनम देवी घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल सतीश को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि बाकी चार घायलों का कहलगांव अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।

घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। घायल सतीश की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि करीब एक साल पहले बच्चों के बीच खेल-खेल में हुई मारपीट से दोनों परिवारों में तनाव शुरू हुआ था। तभी से बातचीत बंद थी और विवाद समय के साथ बढ़ता गया। उसी पुरानी दुश्मनी के कारण दबंगों ने इस बार इतना बड़ा हमला किया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के बाद वे लोग इलाज कराने अस्पताल आ गए, इस कारण थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं हो सकी। परिवार ने कहा कि जैसे ही इलाज पूरा होगा, सभी आरोपियों के खिलाफ सनोखर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस सक्रियता नहीं दिखा रही है। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। फिलहाल पूरे गांव में तनाव का माहौल है और लोग दबंगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

👉 यह घटना न सिर्फ दबंगई का जीता-जागता उदाहरण है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था की कमजोर स्थिति को भी उजागर करती है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *