सहरसा जिले के सोनबरसा राज थाना क्षेत्र स्थित सुरसर नदी घाट के समीप मिले अज्ञात शव मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्वेदन कर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
बीते गुरुवार को सुरसर नदी घाट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सोनबरसा राज थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड संख्या 26/26 दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान शुरू किया गया। शव की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी, लेकिन तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर करीब 12 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नारायणपुर डरहार निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई।
मामले के उद्वेदन के लिए पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार के निर्देश पर सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अंचल निरीक्षक, थाना अध्यक्ष और जिला सूचना इकाई के अधिकारी शामिल थे। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दर्शन यादव उर्फ दर्शन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर गोली मारने और सिर काटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घर से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। साथ ही घटनास्थल के समीप गेहूं के खेत से खून लगा चाकू और एक खोखा भी जब्त किया गया है।
अनुसंधान में सामने आया कि मृतक का पिछले चार वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे युवती के परिजन नाराज थे। पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसे शादी का झांसा देकर बेंगलुरु से सहरसा बुलाया गया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
