भागलपुर जिले के नगर परिषद सुल्तानगंज में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी जारी है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सफाईकर्मी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासन के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं मिल सका। सफाईकर्मियों का आरोप है कि मंगलवार को भी कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार कार्यालय नहीं पहुंचे, जिससे कर्मियों में भारी नाराजगी देखी गई।

 

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर सुजीत कुमार और जदयू अनुसूचित जाति के जिला अध्यक्ष महेश दास नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और सफाईकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए कार्यपालक पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बताया गया कि फोन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इससे सफाईकर्मियों का आक्रोश और बढ़ गया।

 

हड़ताल के चलते नगर परिषद सुल्तानगंज के सभी वार्डों में कूड़ा-कचरे का अंबार लग गया है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गंदगी के कारण महामारी फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है।

 

सफाईकर्मियों का कहना है कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है, वहीं 18 महीने का पीएफ भी बकाया है। इसके अलावा नए संवेदक द्वारा आय से अधिक पीएफ काटे जाने का भी उन्होंने विरोध किया है। सफाईकर्मियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे।

 

हड़ताल स्थल पर दर्जनों सफाईकर्मी मौजूद रहे और उन्होंने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। सफाईकर्मियों का कहना है कि उनकी मांगें जायज हैं और प्रशासन यदि जल्द समाधान नहीं करता है, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल सुल्तानगंज शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *