उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के बाद पति का अजीब व्यवहार पत्नी के लिए एक बड़े धोखे में बदल गया।
पीड़िता के मुताबिक, शादी के बाद से ही उसका पति उससे दूरी बनाए रखता था और शारीरिक संबंध बनाने से कतराता था। शुरुआत में महिला ने इसे सामान्य समझा, लेकिन समय बीतने के साथ पति का व्यवहार और संदिग्ध होता गया।
मामले ने उस वक्त बड़ा मोड़ लिया, जब एक दिन महिला के हाथ घर में रखी एक फाइल लग गई। फाइल में मौजूद दस्तावेजों को पढ़कर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसमें खुलासा हुआ कि उसके पति की दोनों किडनियां खराब हैं और वह लंबे समय से छिपकर डायलिसिस करा रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस बीमारी की जानकारी पूरे ससुराल को थी, लेकिन इसे जानबूझकर महिला से छिपाया गया।
जब महिला ने इस सच्चाई का विरोध किया, तो ससुराल पक्ष का रवैया बदल गया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उससे साफ कहा कि या तो वह अपनी एक किडनी दे दे, या फिर अपने मायके से 20 लाख रुपये लेकर आए, ताकि उसका इलाज कराया जा सके। इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि पैसे या किडनी मिलने के बाद वह उसे छोड़ देगा।
जांच के दौरान महिला को एक और बड़ा झटका लगा। उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी वाराणसी में रहती है, जिससे उसकी एक बेटी भी है। आरोप है कि दूसरी शादी सिर्फ इलाज के लिए पैसे या किडनी हासिल करने के मकसद से की गई थी।
मामले में परिवार परामर्श केंद्र में सुलह की कोशिशें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
चकेरी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
