झारखंड के बोकारो से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो पुलिस के संवेदनशील और मानवीय चेहरे को उजागर करती है। जहां अक्सर पुलिस पर सवाल उठते हैं, वहीं इस बार बोकारो पुलिस ने इंसानियत की मिसाल पेश की है।
मामला बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र का है, जहां एडीएम बिल्डिंग के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए थे। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुदामा दास तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी देरी के खुद ही घायल व्यक्ति को उठाया और अपने वाहन में बैठाया। इस दौरान उन्होंने किसी एम्बुलेंस का इंतजार नहीं किया, बल्कि तत्काल कार्रवाई करते हुए अपने अंगरक्षक के साथ घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो पहुंचाया।
घायल व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बचने की उम्मीद बढ़ गई है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे चोट कैसे लगी।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घायल व्यक्ति के साथ क्या हुआ था।
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की काफी सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर हर पुलिसकर्मी इसी तरह संवेदनशीलता दिखाए, तो कई जिंदगियां समय रहते बचाई जा सकती हैं।
फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश में जुटी है।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो
