बिहार के मुजफ्फरपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड के पास एक पान दुकानदार की बीच सड़क चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की रूह कांप उठी।

 

मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से पान दुकानदार था। परिजनों ने हत्या का आरोप मृतक की पत्नी के कथित प्रेमी पिंटू पर लगाया है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई, वहीं सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतक की मां मुन्नी देवी ने बताया कि मनोज कुमार की पत्नी निशू देवी का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले मनोज ने पत्नी के मोबाइल फोन में आपत्तिजनक फोटो देख लिया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस विवाद के बाद निशू देवी ने सारी जानकारी अपने प्रेमी पिंटू को दे दी।

 

परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन पिंटू ने मनोज को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। मनोज जैसे ही गोला रोड के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनोज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि मनोज और निशू देवी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। इस वारदात के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

 

नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मुजफ्फरपुर में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *