बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। सत्ता के नए समीकरण को लेकर चर्चाएं तेज हैं और संभावित फॉर्मूला भी सामने आने लगा है।
सूत्रों और सियासी बयानों के आधार पर बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर एक नया फॉर्मूला चर्चा में है। इस फॉर्मूले के तहत भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी से मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, जबकि जनता दल यूनाइटेड यानी जदयू को दो उपमुख्यमंत्री पद मिल सकते हैं।
जदयू सांसद रामप्रीत मंडल ने हाल ही में इस संभावित फॉर्मूले की ओर इशारा करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के उलट नई सरकार में भाजपा नेतृत्व करेगी। अभी बिहार में मुख्यमंत्री जदयू से हैं और भाजपा के दो डिप्टी सीएम हैं, लेकिन अब समीकरण बदल सकता है।
सूत्रों की मानें तो जदयू कोटे से बनने वाले उपमुख्यमंत्रियों में एक नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का भी सामने आ रहा है, हालांकि इस पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक में वे अपना इस्तीफा पेश कर सकते हैं।
इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी और भाजपा विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग सकती है।
सूत्रों के अनुसार, अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण भी हो सकता है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल बिहार की राजनीति में अटकलों का दौर जारी है, लेकिन आने वाले कुछ दिन राज्य की सत्ता की तस्वीर पूरी तरह बदल सकते हैं।
