उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही एक साल के मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना भुता थाना क्षेत्र के अठाना गांव की है। पुलिस ने आरोपी पिता सोमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

 

जानकारी के मुताबिक, अठाना गांव निवासी सोमपाल राजस्थान में मजदूरी करता था। करीब पांच दिन पहले वह काम छोड़कर गांव लौटा था। उसकी शादी छह साल पहले पीलीभीत निवासी रामबेटी से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं—पांच साल का अरुण, तीन साल की बेटी और एक साल का वरुण।

 

बताया जा रहा है कि सोमपाल को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे यह भी संदेह था कि छोटा बेटा वरुण का चेहरा उससे मेल नहीं खाता। बुधवार को वह पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। पत्नी ने उसके साथ आने से इनकार कर दिया। गुस्से में सोमपाल दोनों बेटों को लेकर गांव लौट आया।

 

शाम करीब पांच बजे उसने एक साल के मासूम वरुण की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना का चश्मदीद उसका पांच साल का बड़ा बेटा अरुण बना। पुलिस पूछताछ में अरुण ने बताया कि उसका छोटा भाई रो रहा था, जिस पर पिता ने उसे मार डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।

 

हत्या के बाद सोमपाल शव को दफनाने के लिए घर से करीब 600 मीटर दूर नदी किनारे ले गया। ग्रामीणों ने जब पूछताछ की तो उसने बेटे की मौत होने की बात कही। संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसकी ससुराल वालों को सूचना दी। खबर मिलते ही मां रामबेटी गांव पहुंची और पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

 

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि मां की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *